हिन्दी लेखन ब्लाग में लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हिन्दी लेखन ब्लाग में लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

8.6.11

क्या व्यर्थ है टिप्पणियों की मशक्कत....!


        हमारे रोजमर्रा के भोजन में दाल के महत्व से हम सभी बखूबी परिचित हैं । किसी को ये दाल तडके के बगैर अधूरी लगती है तो किसी को कोथमीर के बगैर । लेकिन महत्व तो दाल का ही होता है । मैंने एक परिचित महिला को कभी यह कहते सुना था कि कोथमीर के बगैर दाल ऐसी लगती है जैसे विधवा की मांग । ठीक यही स्थिति हमारे हिन्दी ब्लाग जगत में किसी भी पोस्ट के सन्दर्भ में टिप्पणियों के बाबद इस रुप में देखने में आती है कि यदि किसी पोस्ट के नीचे टिप्पणियां नहीं दिख रही है तो न लेखक को मजा आता है और न ही पाठक को । दोनों को ही एक प्रकार के अधूरेपन का एहसास होता है । पाठक तो फिर भी पढकर निकल जाते हैं किन्तु लेखक को लगता है जैसे मेरी तो सारी मेहनत ही व्यर्थ हो गई, मैंने इतने जतन से लिखा और किसी भी पाठक की ओर से कोई प्रतिक्रिया ही नहीं मिली ।

            मैं अंग्रेजी ब्लाग्स के अधिक सम्पर्क में नहीं आया हूँ इसलिये कह नहीं सकता कि वहाँ इन टिप्पणियों का क्या और कितना महत्व है किन्तु हिन्दी ब्लाग जगत में तो करीब-करीब हम सभी ब्लागर साथियों की अधिकांश उर्जा अपने ब्लाग व पोस्ट पर टिप्पणियों की मात्रा बढवाने में ही अक्सर उपयोग में आते देखी जाती है । क्या वाकई ये टिप्पणियां हमारी इस ब्लाग-यात्रा को गतिमान बनाये रखने के लिये इतनी ही आवश्यक है जितनी प्रायः हम ब्लागर समुदाय के मध्य देखी, सुनी व पढी जाती है । शायद नहीं...  ये कुछ उदाहरण इस बात को समझ पाने में शायद माध्यम बन सकें ।

            1. परिकल्पना ब्लाग में श्री रविन्द्र प्रतापजी की किसी पोस्ट में कुछ समय पूर्व किसी ब्लाग के सन्दर्भ में यह पढा था कि उन ब्लागर ने अपने ब्लाग पर टिप्पणियों का विकल्प ही बन्द किया हुआ है फिर भी उनका ब्लाग सफलतापूर्वक चल रहा है । ये पोस्ट तारीख के हिसाब से मेरे ध्यान में नहीं आ पाने के कारण मैं उस पोस्ट की लिंक यहाँ नहीं दे पा रहा हूँ । अतः क्षमा...

            2. किसी भी ब्लाग में लोकप्रिय पोस्ट का निर्धारण हम नहीं करते बल्कि हम तो लोकप्रिय पोस्ट का गूगल का बना-बनाया विजेड अपने ब्लाग पर लगा देते हैं फिर पाठक संख्या के आधार पर लोकप्रिय पोस्ट का निर्धारण वह विजेड स्वयं ही करता रहता है । इस मापदण्ड पर मेरे ब्लाग स्वास्थ्य-सुख में सर्वाधिक पढी जा रही टाप 7 पोस्ट में तीसरे क्रम पर मौजूद पोस्ट "सुखी जीवन के सरल सूत्र" को देखकर भी लगाया जा सकता है जिसमें उसके प्रकाशन दि. 16 नवम्बर 2010 से लगाकर आज तक एक भी टिप्पणी नहीं आई है किन्तु वह पोस्ट लोकप्रियता की दौड में निरन्तर उपर की यात्रा तय करते हुए उस ब्लाग पर तीसरे क्रम पर शोभायमान हो रही है ।

            3. हिन्दी ब्लाग-जगत के अधिकांश ब्लागर साथियों के निर्विवाद रुप से सर्वाधिक लोकप्रिय मित्र ब्लागर भाई श्री सतीश सक्सेना जिनकी किसी भी पोस्ट पर औसतन 70 से लगाकर 85-90 व कभी-कभी इससे भी ज्यादा तक की मात्रा में टिप्पणियां अब तक देखी जाती रही हैं उनके ब्लाग मेरे गीत की पिछली दो पोस्ट मैं इस अनुरोध के साथ देख चुका हूँ कि -
अनुरोध  : आपके आने का आभार ...आगे से, मेरे गीत पर कमेन्ट न करने का अनुरोध है , आशा है मान रखेंगे  !  तो क्या हमें यह मान लेना चाहिये कि उनके ब्लाग से पाठक कम हो गये होंगे ?

           शायद ब्लाग्स का प्रोफार्म बनाते समय इसके निर्माताओं ने यह सोचकर टिप्पणी के इस माध्यम के लिये स्थान आरक्षित किया होगा कि यदि किसी पाठक के मन में सम्बन्धित ब्लाग-पोस्ट को पढकर उसके विषय में कोई प्रतिक्रिया यदि उपजे तो वो इस टिप्पणी बाक्स के माध्यम से उसे आसानी से अभिव्यक्त कर उसके लेखक तक अपनी बात पहुँचा सके । जबकि हम इस टिप्पणी बाक्स का उपयोग अक्सर यह दिखाने के लिये करते हैं कि मैंने आपकी पोस्ट पढ ली है अतः आप भी कृपया मेरी पोस्ट पढकर अपनी उपस्थिति का प्रमाण इस टिप्पणी बाक्स के माध्यम से मेरे ब्लाग पर भी दर्ज करें, अथवा मैं किसी की पोस्ट पढूं या न पढूं किन्तु शुरु व आखिर के पैरेग्राफ पर नजर डालकर जैसे भी बने अपनी टिप्पणी अधिक से अधिक ब्लाग्स पर छोड आऊँ जिससे कि मेरे ब्लाग पर भी अधिक से अधिक पाठकों की टिप्पणियां दिखती रह सकें, अथवा अपने ब्लाग पर प्रकाशित पोस्ट की लिंक इस टिप्पणी बाक्स के माध्यम से दूसरे ब्लाग पर छोड आऊँ जिससे कि अधिकतम पाठक उस लिंक के द्वारा मेरे ब्लाग पर आते रह सकें, अथवा ये तेरी मेरी यारी की प्रथा को जीवित रखने के लिये टिप्पणियों की आवक-जावक के क्रम को मैनेज रखने के माध्यम के रुप में इसे पल्लवित-पोषित करता चलूँ ।

           हम किसी भी रुप में टिप्पणियों के इस क्रम को जीवित रखें इसमें कहीं कोई विरोधाभास नहीं है किन्तु यदि दो बातों का इस सन्दर्भ में हम ध्यान रखकर चल सकें तो हमारी बहुत सी उर्जा व तनाव बचाया जा सकता है पहली यह कि सिर्फ टिप्पणी करने के लिये टिप्पणी न करें बल्कि वास्तव में टिप्पणी के माध्यम से उस पोस्ट के सन्दर्भ में लेखक तक कोई बात यदि पहुँचाना हो तो टिप्पणी अवश्य करें और दूसरी यह कि मैंने तो फलां ब्लाग पर टिप्पणी की किन्तु सामने वाले ने मेरे ब्लाग पर टिप्पणी नहीं की इस भावना से किसी भी ब्लाग पर टिप्पणी न करें ।

           वैसे भी टिप्पणी प्रायः पोस्ट प्रकाशित होने के पहले व दूसरे दिन ही अधिकतर चलती है जबकि वह पोस्ट सदा-सर्वदा तब तक जीवित रहती है जब तक कि हम स्वयं उसे हटा न दें जो कि बिना किसी विशेष कारण के कोई भी ब्लागर कभी भी नहीं हटाता, और जैसे हम किसी दुकान पर कुछ खरीदने जाते हैं और वहाँ कुछ और सामग्री भी अपने उपयोग की देखकर खरीदकर ले आते हैं उसी प्रकार किसी भी एग्रीगेटर अथवा सर्च इंजिन के माध्यम से आने वाले पाठक यदि रुचिकर या उपयोगी समझते हैं तो आपके ब्लाग की अन्य पोस्ट भी अवश्य पढते हैं और सर्च इंजिन के माध्यम से आते रहने वाले पाठक तो कभी टिप्पणी लिखने के झमेले में पडते दिखते ही नहीं हैं जबकि जितने ज्यादा पाठक हमारे ब्लाग पर आकर हमारी पोस्ट पढते हैं लोकप्रियता के मापदंड पर हमारा ब्लाग उतना ही आगे आते दिखता चलता है । अतः हम टिप्पणियां अवश्य करें किन्तु उन टिप्पणियों को ही सबकुछ समझकर अपनी तमाम उर्जा उधर ही न लगाते हुए अपनी पोस्ट की सामग्री को अधिक से अधिक रुचिकर व जनोपयोगी बनाये रखने के प्रयास में अपनी उसी उर्जा का उपयोग यदि करते रहें तो भी हमारे ब्लाग की लोकप्रियता को अपना बहुत सा समय व टिप्पणी नहीं मिली के अनावश्यक तनाव से बचाकर भी न सिर्फ लम्बे समय तक जीवन्त बनाये रख सकते हैं बल्कि इस लोकप्रियता को ब्लाग पर आने वाले पाठकों के आंकडों के माध्यम से निरन्तर जांचते हुए भी अपनी इस ब्लाग-यात्रा की निरन्तरता को तुलनात्मक रुप से कम समय में भी सफलतापूर्वक बनाये रख सकते हैं ।

3.5.11

क्या हिन्दी चिट्ठाकार अंग्रेजी में ज्यादा सहज हैं ?



          इन दिनों मेरे देखने में ऐसा क्यों आ रहा है कि पोस्ट-दर-पोस्ट टिप्पणीकर्ता अपनी टिप्पणियों में हिन्दी का दामन छोडकर इंग्लिश की बोर्ड के साथ रोमन लिपि में अपनी टिप्पणियां देने को प्राथमिकता देते दिखाई दे रहे हैं । पहले तो सिर्फ कडुवा सच ब्लाग के उदयजी व उनके जैसे कोई इक्का दुक्का ब्लागर्स की ही टिप्पणी इस पैटर्न पर देखने में आती थी और चूंकि उनके अपने ब्लाग में भी लेटर हमेशा एक जैसे छोटे-छोटे दिखाई देते हैं तो ये समझने में आता था कि शायद उनके पास मौजूद कम्प्यूटर के विशेष ओल्ड माडल में होने के कारण उनके लिये ये मजबूरी रहती हो । कुछ और सीमित ब्लागर्स जैसे क्षितिज ब्लाग के जगदीश बालीजी की टिप्पणी भी ऐसी ही आती थी वहाँ भी ये समझ में आता था कि इनके तीन में से दो ब्लाग अंग्रेजी के हैं इसलिये इनका हाथ स्वाभाविक रुप से  इंग्लिश की बोर्ड पर ही अधिक चलता होगा । लेकिन फिर  इस सूचि में कभी हिन्दी तो कभी रोमन इंग्लिश में टिप्पणी देने वाले चिट्ठाकारों के नाम बढते हुए क्रम में यूं देखने में आने लगे-
       In search of saanjh ब्लाग की Saanjh, खुदको खोजने का एक सफर ब्लाग की मंजूलाजी, बहुत सीमित अनुपात में परवाज...शब्दों...के पंख ब्लाग की डा मोनिका वर्माजी, झरोखा ब्लाग की पूनम श्रीवास्तवजी, Mridula's ब्लाग की Mridula Pradhanji, नमस्कार ब्लाग के श्री विवेक रंजन श्रीवास्तवजी, सृजन शिखर ब्लाग के श्री उपेन्द्र उपेनजी, अनकवि ब्लाग के श्री हर्षवर्द्धन वर्माजी, झंझट के झटके ब्लाग के श्री सुरेन्द्रसिंह झंझटजी, स्पर्श ब्लाग की दीप्ति शर्माजी, काव्य-कल्पना ब्लाग के Er. सत्यम् शिवमजी, आदत मुस्कराने की ब्लाग के श्री संजय भास्करजी, पछुवा पवन ब्लाग के श्री पवन कुमार मिश्रजी, काव्या ब्लाग की नीलिमा गर्ग जी, बालाजी ब्लाग के Shri G. N. SHAW, काव्यवाणी ब्लाग के श्री शेखर कुमावत, गजलयात्रा ब्लाग की डा. वर्षासिंहजी, मेरी सोच मेरी अभिव्यक्ति ब्लाग के श्री सी. एस. देवेन्द्र कुमार, मसिकागद ब्लाग के श्री दीपक मशालजी, अमृतरस ब्लाग की डा. नूतन डिमरी गैरोला, भगत भोपाल ब्लाग के श्री भगत सिंह पंथीजी, यादें... सदा के लिये ब्लाग के श्री ओम कश्यपजी, मेरे अरमान मेरे सपने ब्लाग की श्री दर्शन कौर धनौएजी, झील ब्लाग की डा. दिव्या श्रीवास्तवजी, चैतन्य का कोना ब्लाग के श्री चैतन्य शर्माजी, राम राम भाई ब्लाग के श्री वीरेन्द्र शर्माजी, कुंवर कुसुमेश ब्लाग के श्री कुंवर कुसुमेशजी, दादा का चश्मा, दादी का संदूक ब्लाग के श्री अरशद अली, अपनत्व ब्लाग के अपनत्व (सरिताजी), अनामिका की सदायें ब्लाग की अनामिकाजी, कासे कहूँ ब्लाग की कविता वर्माजी, वानभट्ट ब्लाग के श्री वानभट्टजी, स्वप्न मेरे ब्लाग के श्री दिगम्बर नासवाजी, मेरा हमसफर ब्लाग के श्री पी. के .शर्माजी, कुछ कही कुछ अनकही ब्लाग के श्री विजय रंजनजी, सुरभित सुमन ब्लाग की सुश्री सुमनजी, कवि योगेन्द्र मौदगिलजी, बस यूं ही...अमित ब्लाग के श्री अमित श्रीवास्तवजी, रोशी ब्लाग की रोशी अग्रवालजी, मेरे सपने ब्लाग के श्री विवेक जैन जी व अन्य अनेक नाम जिन तक पहुँचने की कोशिश आगे नहीं की गई ।

        इस सन्दर्भ में जो विशेष बात जो मेरे देखने में आई और जिसके कारण यह विषय सार्वजनिक रुप से जानकारी में लाने का ये विचार मेरे मन में आया वह ये रहा कि शुरुआती नामों में पहले जहाँ जिक्र किया जावे तो अनेक चिट्टाकारों की पहले जो टिप्पणी रोमन लिपी में दिखी वो बाद में हिन्दी में परिवर्तित होती चली गई जिनमें मुख्य नाम- डा. मोनिका वर्माजी, श्री उपेन्द्र उपेनजी, इं. सत्यम शिवमजी, श्री संजय भास्करजी, डा. वर्षा सिंहजी, डा. नूतन डिमरीजी इन सभी के लिये जा सकते हैं । जबकि आखरी के नामों में विरोधाभास यह देखने में आ रहा है कि श्री अमित श्रीवास्तवजी, डा. दिव्या श्रीवास्तवजी, दर्शन कौर धनौएजी ये ऐसे नाम दिख रहे हैं जिनकी टिप्पणियां अच्छी भली हिन्दी से चलते-चलते अब अंग्रेजी में परिवर्तित होते दिखाई दे रही हैं ।

          ये सभी नाम जिनकी मैं यहाँ चर्चा कर रहा हूँ ये सभी मेरे मित्र व शुभचिंतक हैं, इनमें से अधिकांश तो मेरे ब्लाग्स के फालोअर्स भी हैं इसलिये मेहरबानी करके कोई भी ये न समझें कि मैं किसी को कमतर दिखाने के नजरिये से उनके नामों का उल्लेख कर रहा हूँ बल्कि मैं सही मायनों में ये समझने का प्रयास करना चाह रहा हूँ कि हिन्दी में जब हमारी बडी से बडी पोस्ट हम अपने ब्लाग पर प्रकाशित कर लेते हैं तो दो-चार लाईन या कभी-कभी तो दो चार शब्दों की हमारी टिप्पणी में अंग्रेजी टायपिंग हमें अधिक सहज क्यों लगने लगती है ? जबकि मात्र Alt + Shift  key's को एक साथ दबाकर हम तत्काल इंग्लिश से हिन्दी व हिन्दी से इंग्लिश पर शिफ्ट हो जाते हैं ।



Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...